भारत और न्यूजीलैंड की बुधवार को तीसरे और आखिरी टी20 में भिड़ंत हुई। भारत ने अहमदबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए निर्णायक मुकाबले में कमाल का प्रदर्शन किया। भारत ने 234/4 का विशाल स्कोर खड़ा किया और फिर न्यूजीलैंड को 66 रन पर ढेर कर दिया। भारत ने 168 रन से जीत हासिल की। भारतीय गेंदबाजों का सामने कीवी खिलाड़ी बेबस नजर आए। ‘रफ्तार के सौदगार’ उमरान मलिक ने भी कहर बरपाती हुई गेंदबाजी की। उन्होंने 2.1 ओवर में 9 रन देकर 2 विकेट चटकाए। उन्होंने माइकल ब्रेसवेल का शिकार तो बेहद शानदार अंदाज में किया।
उमरान ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने के लिए मशहूर ब्रेसवेल को पांचवें ओवर की तीसरी गेंद पर अपने जाल में फंसाया। वह पांचवें खिलाड़ी के रूप में पवेलियन लौटे। ब्रेसवेल ने गोली की स्पीड से आई गुडलेंथ गेंद पर पुश शॉट खेलने की कोशिश की और बोल्ड हो गए। उमरान ने यह गेंद 155 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से फेंकी, जिसका ब्रेसवेल के पास कोई जवाब नहीं था। एक बेल्स तो 30 गज दूर जाकर गिरी। उमरान की आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने उमरान के इस कहर का वीडियो अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया है।
गौरतलब है कि भारत के लिए आखिरी टी20 में सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने 63 गेंदों में 12 चौकों और छक्कों के दम पर नाबाद 126 रन बनाए। उनके अलावा राहुल त्रिपाठी ने 22 गेंदों में 44 रन की पारी खेली। उन्होंने 4 चौके और 3 छक्के ठोके। वहीं, कप्तान हार्दिक पांड्या ने 30 और सूर्यकुमार यादव ने 26 रन का योगदान दिया। भारत ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम की है। भारत ने पहला मैच गंवाने के बाद लगातार दो मैचों में विजयी परचम फहराया।