भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट श्रृंखला का दूसरा मैच जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेला जा रहा है। मैच के तीसरे दिन भारतीय टीम अपनी दूसरी पारी में 266 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। और दक्षिण अफ्रीका को यह मैच जीतने के लिए 240 रन बनाने होंगे। दक्षिण अफ्रीकी इस मैदान में सिर्फ एक बार 200 से ज्यादा के स्कोर का पीछा कर पाया है। अफ्रीकी टीम ने 2006 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 220 रन का पीछा किया था। वहीं अपनी जमीन पर भी अफ्रीकी टीम सिर्फ दो बार 237 से ज्यादा के लक्ष्य का पीछा कर पाई है।
जोहान्सबर्ग में कभी नहीं हारा है भारत।
बता दें कि जोहानिसबर्ग के मैदान पर भारत अब तक कोई टेस्ट मैच नहीं हारा है। इस मैच में भी टीम इंडिया के गेंदबाज यह रिकॉर्ड बरकरार रखना चाहेंगे। भारत के लिए तीसरे दिन रहाणे और पुजारा ने बेहतरीन शुरुआत करते हुए शतकीय साझेदारी की थी और टीम इंडिया को अच्छी स्थिति में लाए थे। हालांकि इसके बाद अफ्रीकी गेंदबाजों ने वापसी की और भारत को 266 रन पर आउट किया।
खबर लिखे जाने तक साउथ अफ्रीका 108/2
खबर लिखे जाने तक साउथ अफ्रीका ने तीसरे सेशन में 2 विकेट खोकर 108 रन बना लिए हैं। कप्तान डीन एल्गर और रैसी वान डेर डूसेन क्रीज पर हैं। आर अश्विन ने कीगन पीटरसन को LBW आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई। पीटरसन 28 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए एल्गर के साथ 104 गेंदों पर 46 रन जोड़े।