क्रिकेट जगत में धोनी की शोहरत बुलंदियों पर है। धोनी आज के दौर में दुनिया के गिने-चुने महान क्रिकेटरों में गिने जाते हैं। इतना ही नहीं उनकी फैन फॉलोइंग और ब्रांड वैल्यू भी काफी ज्यादा है। यही वजह है कि 2020 में सन्यास ले लेने के बावजूद धोनी कमाई के मामले में कई क्रिकेटरों से अभी भी काफी आगे हैं। उन्होंने हाल ही में सरकार को भारी-भरकम टैक्स का भुगतान किया है जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि धोनी आज के दौर में कितनी कमाई कर रहे हैं।
धोनी ने भुगतान किया 38 करोड़ का टैक्स।
झारखंड के इनकम टैक्स विभाग के अनुसार महेंद्र सिंह धोनी ने 31 मार्च को खत्म हुए वित्तीय वर्ष के दौरान कुल 38 करोड़ रुपए का एडवांस टैक्स अदा किया है। 41 वर्षीय महेंद्र सिंह धोनी की कुल आमदनी करीब 130 करोड़ रुपए है। आयकर विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट के बावजूद महेंद्र सिंह धोनी की आमदनी में कोई कमी नहीं हुई है। महेंद्र सिंह धोनी ने 15 अगस्त 2020 को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था और उनकी लोकप्रियता अब भी बनी हुई है।
झारखंड के सबसे बड़े टैक्सपेयर बने धोनी।
आयकर विभाग में सूत्रों के अनुसार, धोनी इस वर्ष भी राज्य में सर्वाधिक कर भुगतान करने वाले व्यक्ति हैं। विशेषज्ञों के अनुसार धोनी द्वारा जमा कराये गए 38 करोड़ रुपये के अग्रिम कर के अनुसार उनकी आय करीब 130 करोड़ रुपये के आसपास बैठती है। 2019-20 में उन्होंने 28 करोड़ का अग्रिम कर भुगतान किया था। 2018-2019 में भी उन्होंने इतनी ही राशि का भुगतान किया था। इससे पहले धोनी ने 2017-18 में 12.17 करोड़ रुपये और 2016-17 में 10.93 करोड़ रुपये का भुगतान किया था। क्रिकेटर ने कई कंपनियों में निवेश किया है और उनके पास रांची में 43 एकड़ की फार्म जमीन है।