भारतीय टीम के खिलाड़ी और बापू के नाम से मशहूर अक्षर पटेल ने अपने 28वें जन्मदिन के अवसर पर सगाई कर ली। उन्होंने डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट मेहा के साथ सगाई की है। अक्षर और मेहा लंबे समय से रिलेशन में थे और इन दोनों ने अपने रिश्ते को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। सगाई के बाद अक्षर ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर कर सबको इसकी जानकारी दी।
इसके बाद ऋषभ पंत और दिल्ली कैपिटल्स की टीम सहित क्रिकेट जगत के कई दिग्गजों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। बता दें कि अक्षर पटेल दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल खेलते हैं।
साल 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करने वाले अक्षर पटेल का जन्मदिन 20 जनवरी को होता है। अक्षर पटेल का जन्म 20 जनवरी 1994 को आणंद में हुआ था। अक्षर गुरुवार को अपना 28वां जन्मदिन मना रहे थे।
बता दें कि टी20 और रेड बॉल क्रिकेट में सबसे रोमांचक प्रतिभाओं में से एक अक्षर चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका टेस्ट श्रृंखला के लिए उपलब्ध नहीं थे। भारतीय ऑलराउंडर के, घर पर होने वाली टीम इंडिया के आगामी असाइनमेंट से भी चूकने की संभावना है। 28 वर्षीय अनुभवी ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा के बाद भारत के तीसरे पसंद के स्पिनर हैं।